News Cubic Studio

Truth and Reality

Uttarakhand / Dehradun : बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी के खिलाफ माकपा का प्रदर्शन

बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी के खिलाफ माकपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने डीएम के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर महंगाई पर लगाम लगाने के लिए सरकार को निर्देशित करने की मांग की। बुधवार को माकपा कार्यकर्ताओं ने डीएम कार्यालय पहुंचकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। वक्ताओं का कहना था कि वामपंथी दलों की ओर से 16 से 30 जून तक महंगाई के खिलाफ राष्ट्रव्यापी पखवाड़ा चलाया गया था। पखवाड़े के अंतिम दिन राष्ट्रपति व राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर खाद्य पदार्थों, डीजल-पेट्रोल के दामों में लगातार हो रही वृद्धि पर अंकुश लगाने के लिए सरकार को निर्देशित करने की मांग की गई। उन्होंने सरकार से महंगाई पर रोक लगाने, स्वास्थ्य सुविधा निशुल्क करने, निशुल्क कोरोना वैक्सीन लगाने, प्रतिमाह 10 किलो मुफ्त राशन देने, बेरोजगारों को रोजगार देने, स्कूल फीस माफ करने, टोलप्लाजा में हो रही वसूली पर रोक लगाने और हरिद्वार में कोरोना जांच घोटाले के दोषियों को सजा दिए जाने की मांग की। मौके पर माकपा राज्य सचिव राजेंद्र सिंह रावत, सुरेंद्र सिंह सजवाण, राजेंद्र पुरोहित, शिवप्रसाद देवली, इंदू नौडियाल, लेखराज, अनंत आकाश, कमरुद्दीन, माला गुरुंग, शम्भू प्रसाद ममगांई, किशन गुनियाल, सुधा देवली, नितिन मलैठा, नुरैशा अंसारी, यूएन बलूनी, इंद्रेश नौटियाल, मामचंद, रविंद्र नौडियाल आदि शामिल रहे।

See also  Uttarakhand / Chamoli: Major road accident, car went out of control and fell into a ditch, three people died