News Cubic Studio

Truth and Reality

Uttarakhand : क्षणिक एवं शिक्षणेत्तर पदों पर तीन माह के भीतर भर्ती की जायेगी

राज्य विश्वविद्यालयों में वर्षों से रिक्त चल रहे शैक्षणिक एवं शिक्षणेत्तर पदों पर तीन माह के भीतर भर्ती की जायेगी। जबकि एक माह के भीतर सभी विश्वविद्यालयों को डीजी लाकर की सुविधा उपलब्ध करानी होगी। विश्वविद्यालयों का दीक्षांत समारोह माह अक्टूबर में आयोजित किया जायेगा। एसबीएस महाविद्यालय रूद्रपुर को कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल का नया परिसर बनाया जायेगा। उपरोक्त निर्णय उच्च शिक्षा, सहकारिता, प्रोटोकाल एवं आपदा प्रबंधन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा. धन सिंह रावत की अध्यक्षता में आज विधानसभा स्थित सभागार में आयोजित राज्य विश्वविद्यालयों की समीक्षा बैठक में लिये गये। डा. रावत ने बताया कि सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को वर्षों से रिक्त चल रहे शैक्षणिक एवं शिक्षणेत्तर पदों को तीन माह के भीतर भरने, अक्टूबर माह में दीक्षांत समारोह आयोजित करने तथा विश्वविद्यालयों में एक माह के भीतर डीजी लॉकर की व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये हैं। वर्तमान में राज्य के विश्वविद्यालयों में शिक्षकों के 206 तथा शिक्षणेत्तर कार्मिकों के 188 पद रिक्त चल रहे हैं। जिन पर रिक्त नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर तीन माह के भीतर भर्ती करने के निर्देश दिये है। बैठक में निर्णय लिया गया है कि एसबीएस महाविद्यालय रूद्रपुर को कुमाऊं विश्वविद्यालय का नया परिसर बनाया जायेगा। जिसके लिए कुलपति शासन को शीघ्र प्रस्ताव भेजेंगे। कुमाऊं विश्वविद्यालय एवं सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा में शैक्षणिक एवं शिक्षणेत्तर पदों के बंटवारे के लिए प्रभारी सचिव उच्च शिक्षा विनोद रतूड़ी एवं दोनों विश्वविद्यालय के कुलपतियों की समिति गठित की गई है। जो शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर शासन को सौंपेगी। बैठक में निर्णय लिया गया है कि श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय को ऋषिकेश परिसर में एक माह के भीतर नए निर्माण कार्य प्रारम्भ करने होंगे। यह भी निर्णय लिया गया है कि सभी विश्वविद्यालय प्रथम सेमेस्टर एवं अंतिम सेमेस्टर के साथ ही प्रथम वर्ष एवं अंतिम वर्ष की ही परीक्षाएं आयोजित करायेंगे। शेष छात्रों को गत वर्ष की भांति प्रोन्नत किया जायेगा। विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों को खोले जाने के संबंध में सरकार शीघ्र निर्णय लेगी। बैठक में सभी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों ने अपने-अपने संस्थानों की प्रगति रिपोर्ट एवं समस्याएं रखी, जिनका बैठक में ही समाधान निकालते हुए शासन से पत्राचार के निर्देश दिये गये।

See also  Action continues to remove illegal religious constructions in Uttarakhand, notice given to temples after tombs, resentment in Sant Samaj

अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा आनंद वर्धन ने कहा कि विश्वविद्यालयों के शासन स्तर पर लम्बित सभी प्रकरणों का दो सप्ताह के भीतर निस्तारण कर दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय एवं सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा में शीघ्र स्थाई कुलसचिवों की तैनाती कर दी जायेगी।

बैठक में अपर मुख्य सचिव आनंद वर्धन, कुलपति उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय प्रो0 ओ.पी.एस. नेगी, कुलपति श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय डा. पी.पी. ध्यानी, कुलपति सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय प्रो. एन.एस.भंडारी, कुलपति कुमाऊं विश्वविद्यालय प्रो. एन.के. जोशी, कुलपति दून विश्वविद्यालय प्रो. सुरेखा डंगवाल, निदेशक उच्च शिक्षा डा. कुमकुम रौतेला, सलाहकार रूसा प्रो. के.डी. पुरोहित, प्रो. एम.एस.एम रावत, अपर सचिव उच्च शिक्षा एम.एम. सेमवाल, संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा डा. पी.के.पाठक, कुलसचिव दून विवि डा. एम.एस. मंद्रवाल, कुलसचिव श्रीदेव सुमन विवि डा. एम.एस. रावत, अनु सचिव उच्च शिक्षा ब्योमकेश दुबे, उप कुलसचिव ओपन यूनिवर्सिटी डा. विमल मिश्रा सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।