News Cubic Studio

Truth and Reality

Uttarakhand / Vikas Nagar : पछुवादून क्षेत्र की पांच पंचायतों का सर्वे किया

पंचायती राज विभाग उत्तराखंड की सैन्गुइन वी केयर वेलफेयर सोसाइटी ने गुरुवार को पछुवादून क्षेत्र की पांच पंचायतों का सर्वे किया। सोसाइटी के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. आर चिन्नादुराई ने पंचायतों का स्थलीय निरीक्षण कर फीडबैक फार्म तैयार किए। राष्ट्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संस्थान भारत सरकार की ओर से पंचायतों में ग्राम पंचायत विकास योजना की स्थिति, प्रक्रियाओं, जांच और पंचायत सेवा विवरण पर इसके प्रभाव एवं सुदृढ़ीकरण के लिए आयोजित सर्वे का शुभारम्भ प्रोफेसर डॉ. चिन्नादुराई ने ग्राम पंचायत केदारावाला से किया। संस्था के देहरादून हेड एवं पूर्व प्रधान मो. इमरान खान और ग्राम प्रधान तब्बसुम इमरान ने उन्हें पंचायत का स्थलीय सर्वे करवाया। डॉ. चिन्नादुराई ने केदारावाला पंचायत के निरीक्षण के दौरान पंचायत के कार्यों की जमकर प्रशंसा की। कहा कि ग्राम पंचायत केदारावाला एक मॉडल पंचायत के रूप में विकसित हुई है, जिसका श्रेय ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत के प्रत्येक ग्रामवासी को जाता है। उन्होंने ग्राम पंचायत में पंचायत घर, पंचायत कार्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, सरकारी स्कूल, पंचायत की ओर से लगवाये गये वॉटर कूलर, सोलर लाइट के साथ राज्य और केन्द्र सरकार की ओर से कराए जा रहे विभिन्न कार्यों का निरीक्षण भी किया। इस दौरान सर्वे टीम ने गांव में नीम का एक पौधा भी रौपा। इसके बाद डॉ. चिन्नादुराई ने बुलाकीवाला पंचायत, ढलानी, माजरी, और शाहपुर कल्यानपुर में स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की। साथ ही पंचायतों को जीडीपी तैयार करने की जानकारी भी दी। इस मौके पर सोसाइटी अध्यक्ष डॉ. कंचन नेगी, सचिव एवं निदेशक पंचायती राज उत्तराखंड हरी चंद सेमवाल, सहायक जिला पंचायत राज अधिकारी सीपी सुयाल, सहायक विकास अधिकारी पंचायत कृपाराम जोशी, बालस्वरूप, ग्राम प्रधान पूनम चौहान, जयदीप सिंह, वहीदा बेगम, शशिबाला, ग्राम पंचायत अधिकारी अमित सेमवाल, रमेश चंद्र शर्मा, केदार सिंह आदि मौजूद रहे।

See also  Madhya Pradesh / Vidisha: Bank manager's house raided on the lines of 'Special 26'! Know how the fake team was caught?