News Cubic Studio

Truth and Reality

Uttarakhand / Vikas Nagar : प्रधान संगठन ने किया कालसी ब्लॉक कार्यालय पर तालाबंदी कर धरना-प्रदर्शन

ग्राम प्रधान संगठन चकराता ने ब्लॉक मुख्यालय पर तालाबंदी कर धरना प्रदर्शन किया। बारह सूत्रीय मांगों को लेकर प्रधानों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। प्रधान संगठन ने मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी। प्रधान संगठन ने खंड विकास अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। ब्लॉक मुख्यालय कालसी में ग्राम प्रधानों ने एकत्र होकर बीडीओ कार्यालय पर तालाबंदी कर धरना प्रदर्शन किया। प्रधान संगठन ने कहा कि ग्राम प्रधानों के अधिकारों व विभिन्न समस्याओं को लेकर एक वर्ष से लगातार सरकार से समाधान की मांग कर रहे हैं। लेकिन सरकार लगातार प्रधानों की मांगों की उपेक्षा कर रही है। मुख्यमंत्री को भेजे बारह सूत्रीय मांग पत्र के ज्ञापन में संगठन ने 73वें संविधान संसोधन प्रावधानों को लागू करते हुए 29 विषयों को ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करने, ग्राम प्रधानों का मानदेय पंद्रह सौ से बढ़ाकर दस हजार रुपये प्रतिमाह करने व पांच हजार रुपये मासिक पेंशन देने, कॉमन सर्विस के पच्चीस सौ रुपये पंचायतों को जमा करने के आदेश को निरस्त करने, पंद्रहवीं वित्त में हो रही भारी भरकम कटौती को रोकने व पूर्व की भांति पंद्रहवीं वित्त की कंटीजंशी की राशि दस प्रतिशत रखने, मनरेगा के कार्यदिवस एक सौ दिन से बढ़ाकर दो सौ दिन प्रतिदिन करने, पंचायतों में जेई व कंप्यूटर आॉपरेटरों की नियुक्ति करने, ग्राम विकास विभाग व ग्राम पंचायत विभाग का पूर्व की भांति एकीकरण करने, विधायक निधि व सांसद निधि को आधार मानकर ग्राम पंचायतों को भी पांच लाख रुपये की निधि देने, ग्राम पंचायत में आपदा मद में प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये देने, ग्राम पंचायत में किसी भी विभाग की ओर से किये जाने वाले कार्य को ग्राम पंचायत की खुली बैठक में रखकर प्रस्ताव करने, पीएम आवास योजना के तहत चयनित लाभार्थियों को तत्काल धनराशि जारी करने तथा कोरोना संक्रमण के चलते ग्राम पंचायतों का कार्यकाल दो वर्ष बढ़ाने की मांग की गयी है। प्रदर्शनकारियों में प्रधान संगठन अध्यक्ष जवाहार सिंह चकित, सचिव अनिल तोमर, अरुण चौहान, निर्मला देवी, कांति चौहान, पुष्पा रावत, चंद्र तोमर, पुष्पा तोमर, नेपाल सिंह, निर्मला चौहान, प्रियंका, सीमा, संजू चौहान, प्रतिमा आदि शामिल रहे।

See also  Madhy Pradesh / Indore: Husband throws wife's body in a sack as he has no money for last rites, causes uproar