News Cubic Studio

Truth and Reality

Uttarakhand / Dehradun : कोविड वैक्सीनेशन केंद्र में व्याप्त अव्यवस्थाओं व अधिक वसूली की शिकायत पर विफरे धस्‍माना

मैक्स अस्पताल की ओर से देहरादून में दून क्लब में किए जा रहे कोविड वैक्सीनेशन केंद्र में व्याप्त अव्यवस्थाओं व अधिक वसूली की शिकायत मिलने पर आज उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना स्वयं स्थिति का जायजा लेने पहुंचे। इस दौरान  चिलचिलाती धूप में लंबी लाइन में खड़े महिला, पुरुष और बुजुर्ग लोगों को देख कर उन्होंने लोगों को मिनरल वाटर बांटा। साथ ही सरकार की ओर से निर्धारित नौ सौ रुपये की जगह ग्यारह सौ रुपये प्रति टीका की वसूली पर एतराज जताया।
धस्माना ने आक्रोश व्यक्त किया कि मैक्स अस्पताल ने ना तो धूप से बचने का कोई प्रबंध किया और ना ही पीने के पानी का कोई इंतजाम किया। इससे लोगों को अत्यधिक परेशानी हो रही है। सबसे पहले उन्होंने अपने हाथों से सभी लाइन में लगे लोगों को पानी वितरित किया और फिर लोगों की शिकायत पर स्वास्थ्य महानिदेशक डॉक्टर तृप्ति बहुगुणा से फोन पर वार्ता की। इस पर उन्होंने कहा कि वे पूरे मामले की जांच व कार्यवाही के लिए सीएमओ को आदेश कर रही हैं। साथ ही जिलाधिकारी देहरादून से भी बात करेंगी।

धस्माना ने फोन पर ही जिलाधिकारी आशीष श्रीवास्तव से बात कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने अधिक वसूली पर रोक लगाने और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की मांग की। धस्माना ने कहा कि वे जनता के टीकाकरण में कोई व्यवधान नहीं डालना चाहते, लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि वे अधिक वसूली और अव्यस्थाओं पर चुप रहेंगे। उन्होंने कहा कि अस्पताल की लूट व अव्यवस्था के बारे में वे मुख्यमंत्री से अपना विरोध प्रकट करेंगे। क्योंकि मुख्यमंत्री ही स्वास्थ्य महकमा संभाल रहे है।
धस्माना ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन को मैक्स अस्पताल से इस मामले में तुरंत स्पष्टीकरण ले कर वांछित कार्यवाही करनी चाहिए और ऐसा न होने पर कांग्रेस आंदोलन के लिए मजबूर होगी। धस्माना के साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता महेश जोशी, उदयवीर सिंह पंवार व दिनेश पंत भी उपस्थित रहे।

See also  Uttar Pradesh / Saharanpur : Mayor Sanjeev Walia distributing soap, mask and sanitizer to people in Ward 13