News Cubic Studio

Truth and Reality

Himachal Pradesh / Solan : सावधान रहकर ही कोरोना से बचाव संभव

कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया कोविड-19 से बचाव का संदेश

सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग सोलन द्वारा सोमवार को जिला के अर्की उपमंडल के शालाघाट एवं अन्य स्थानों पर लोगों को लघु नुक्कड़ नाटिका के माध्यम से भीड़-भाड़ वाली जगहों से दूरी बनाने और नियम पालन के सम्बन्ध में समझाया गया। विभाग से सम्बन्द्ध शिव शक्ति कलामंच के कलाकारों ने आज शालाघाट एवं आसपास के क्षेत्रों में कोरोना वायरस बनकर लोगों को सीख दी। 
कलाकारों ने जब ‘मेरा नाम कोरोना है और मैं भीड़-भाड़ वाले स्थानों तथा सामाजिक समारोहों में अत्यधिक निवास करता हूं। ऐसे स्थानों पर जो भी व्यक्ति मुझे बिना मास्क के सोशल डिस्टेन्सिग का पालन करते हुए मिलता है तो उसे में रोग ग्रस्त कर देता हूं’ कहा तो सभी दृश्य जीवंत हो गए।  
कलाकारों ने शालाघाट चैक पर जहां नाटकीय अंदाज में लोगों को कोविड-19 से बचाव के लिए विभिन्न उपायों की जानकारी दी वहीं प्रदेश सरकार व जिला प्रशासन द्वारा कोविड-19 के दृष्टिगत जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का भी आग्रह किया। 
लोगों को सामाजिक समारोहों में कम से कम संख्या में उपस्थित होने के लिए जागरूक किया गया। लोगों को बताया गया कि कोविड-19 जैसा भयावह रोग एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैलता है। इससे बचने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर मास्क का नियमित प्रयोग, उचित सोशल डिस्टेन्सिग नियम का पालन तथा समय-समय पर हाथों को साबुन या एल्कोहल युक्त सेनिटाईजर से साफ करते रहना आवश्यक है।
कलाकारों ने लोगों को संदेश दिया कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें। ऐसे स्थानों में जाने से कोरोना वायरस के फैलने का खतरा अधिक है तथा इससे पूरे परिवार तथा आसपास के लोगों के कोविड-19 से संक्रमित होने का खतरा बढ़ जाता है। यदि ऐसी जगह जाना भी पड़े तो मास्क एवं सेनिटाइजर का प्रयोग जरूर करें।  

See also  Uttarakhand / Haridwar : The highest position of Guru in Sanatan Dharma is : Swami Kailashananda Giri

लोगों को जानकारी दी गई कि कोरोना वायरस का खतरा अभी बना हुआ है। लोगों को बताया गया कि कोरोना बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशांे का पालन कोविड-19 महामारी से बचाव में अत्यंत कारगर है।
लोगों से आग्रह किया गया कि कोविड-19 बीमारी के लक्षणों को छुपाएं नहीं और तुरंत चिकित्सक की सलाह अवश्य लें। लोगों से आग्रह किया गया कि खांसी, बुखार तथा जुखाम जैसे लक्षण होने पर बिना किसी संकोच के अपनी कोविड जांच अवश्य करवाएं। 

कलाकारों ने लोगों को बताया कि कोरोना होने पर घबराएं नहीं। प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन सोलन आपकी सेवा में सदैव तत्पर है। जिला में सभी उपमण्डलों में कोविड-19 सुरक्षा अस्पताल कार्य कर रहे हैं। जिला में वर्तमान में 700 से अधिक आॅक्सीजन सुविधा युक्त बिस्तर उपलब्ध हैं। होम आईसोलशन में रह रहे कोविड-19 रोगियों को न केवल समय पर दवाई उपलब्ध करवाई जा रही है अपितु चिकित्सक उनका नियमित अनुश्रवण भी कर रहे हैं। होम आईसोलशन में रह रहे रोगी अपने स्मार्ट फोन पर व्हट्सऐप, जूम जैसे ऐप के माध्यम से आयुष घर द्वार कार्यक्रम से जुड़कर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं। 

लोगों को बताया गया कि यदि कोविड-19 के बारे में कोई जानकारी चाहते हैं या आपको कोई समस्या है तो हेल्पलाइन नम्बर 1077 पर बात करें। सोलन में दूरभाष नम्बर  01792-220049, 01792-221234 तथा 01792-220882 पर भी अपनी समस्या का समाधान पा सकते हैं।