News Cubic Studio

Truth and Reality

Uttarakhand / Vikas Nagar : बुधवार को डाकपत्थर कार्यालय पर तालाबंदी करेंगे ग्रामीण

लखवाड़-व्यासी बांध परियोजना स्थल जुड्डो में अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे ग्रामीणों ने बुधवार को बांध परियोजना डाकपत्थर स्थित कार्यालय पर तालाबंदी करने का निर्णय लिया है। ग्रामीणों ने सोमवार को प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए सरकार पर उपेक्षा का आरोप लगाया। ग्रामीणों में सरकार के खिलाफ आक्रोश बढ़ता जा रहा है। प्रदेश सरकार के खिलाफ धरने पर बैठे ग्रामीणों ने बताया कि करीब एक माह से शांति पूर्ण आंदोलन करने के बावजूद सरकार उनकी सुध नहीं ले रही है। जनता की परेशानियों को दूर करने का दावा करने वाले जन प्रतिनिधि धरना स्थल तक आने की जहमत नहीं कर रहे हैं। जिससे अपनी जायज मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे ग्रामीण खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। बताया कि सरकार की उपेक्षा के चलते अधिकांश ग्रामीण बेरोजगार हो गए हैं। कृषि योग्य जमीन परियोजना के लिए अधिग्रहित कर दी गई थी। जिसके बाद ग्रामीणों के पास आजीविका का कोई साधन नहीं बचा है। बांध प्रभावितों को परिवार का पालन पोषण करना भी मुश्किल हो रहा है। इसके साथ गांव के पूर्ण डूब क्षेत्र में आने के बावजूद अभी तक सरकार ने उनका विस्थापन नहीं किया है। विस्थापन नहीं होने से उनके सामने परिवार को आशियाना मुहैया कराने की समस्या भी पैदा हो गई है। बताया कि सरकार की उपेक्षा के कारण उनके सामने कुछ समय बाद खुले आसमान के नीचे रहने की नौबत आ जाएगी। जबकि आजीविका का साधन नहीं होने के कारण अभी से परिवार के भरण पोषण की समस्या पैदा हो गई है। बताया कि सरकार का ग्रामीणों की जायज मांगों की ओर से ध्यान आकर्षित करने के लिए बुधवार को लखवाड़-व्यासी परियोजना के डाकपत्थर स्थित कार्यालय पर तालाबंदी करने का निर्णय लिया है। धरना प्रदर्शन में नरेश चौहान, अंबाद देवी, बलवीर सिंह चौहान, पूरण वर्मा, महादेई चौहान, उषा तोमर, ब्रह्मी तोमर, मंगल सिंह तोमर, स्वराज चौहान, किरन, संदीप , राजपाल, निजमा देवी आदि शामिल रहे।

See also  Gujarat / Ahmedabad : Sensation due to double murder in the hospital! Dead body of mother and daughter found in operation theater