News Cubic Studio

Truth and Reality

Himachal Pradesh / Solan : कृतिका कुल्हारी ने पोषण तालिका का किया विमोचन

उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने कहा कि माता एवं शिशु के पूर्ण स्वास्थ्य में ही पोषण अभियान की सफलता निहित है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए यह आवश्यक है कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार की महिला एवं बाल कल्याण से सम्बन्धित योजनाएं पात्र वर्गों तक समय पर पहुंचे। 
उपायुक्त आज महिला एवं बाल विकास विभाग सोलन द्वारा प्रकाशित पोषण तालिका के विमोचन के अवसर पर उपस्थित समेकित बाल विकास परियोजना अधिकारियों, आंगनबाड़ी पर्यवेक्षकों, कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को सम्बोधित कर रहीं थीं।

उन्होंने इस अवसर पर सोलन के ग्रामीण एवं शहरी वृत्त की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पोषण तालिका वितरित की और आशा जताई कि इसके प्रयोग से अभियान के उद्देश्य पूर्ण करने में सहायता मिलेगी।
कृतिका कुल्हारी ने कहा कि महिला एवं बाल विकास के लिए कार्यान्वित की जा रही योजनाओं को विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं से आग्रह किया कि गांवों में महिलाओं व बच्चों को पोषण तालिका के अनुसार संतुलित आहार लेने के लिए प्रेरित करें ताकि ‘सही पोषण, देश रोशन’ की परिकल्पना को साकार किया जा सके।

उपायुक्त ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने कोविड-19 संकटकाल में न केवल लोगों को नियम पालन के प्रति जागरूक बनाया अपितु रोग से सम्बन्धित डाटा एकत्र करने एवं रोगियों तक दवा एवं किट पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने आशा जताई कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं भविष्य में भी पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण की भावना के साथ कार्य करती रहेंगी।
कृतिका कुल्हारी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं कार्य क्षेत्र में आ रही समस्याएं उनके ध्यान में ला सकती हैं ताकि इनका समयबद्ध समाधान किया जा सके।

See also  Uttarakhand / Roorkee: Crocodile seen in a colony in front of V-mart, forest department team reached the spot

जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र तेगटा ने इस अवसर पर पोषण तालिका की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि पोषण तालिका के प्रयोग से पोषण अभियान के माध्यम से बच्चों को स्वस्थ रखने में सहायता मिलेगी। उन्होंने पोषण तालिका के प्रयोग की समुचित जानकारी प्रदान की।

इस अवसर पर सीडीपीओ सोलन पदम देव शर्मा, सीडीपीओ कण्डाघाट पवन गुप्ता, सीडीपीओ धर्मपुर बीना, सुपरवाईजर सुषमा, वन्दना, भूमिका, हीरा देवी, लज्या बिन्द्रा, जिला समन्वयक रेखा शर्मा, जिला सहायक समन्वयक राकेश ठाकुर सहित सोलन जिला के ग्रामीण एवं शहरी वृत्तों की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित थी।