News Cubic Studio

Truth and Reality

Uttarakhand / Haridwar : मुकद्मे का चुनावों में जवाब देगा सैनी समाज: साहब सिंह सैनी  

यूपी के पूर्व कैबिनेट मंत्री तथा ऑल इंडिया सैनी सभा के राष्ट्रीय संरक्षक साहब सिंह सैनी ने फेरूपुर में आयोजित सैनी समाज के कार्यक्रम में शामिल समाज के प्रतिनिधियों व अन्य लोगों के खिलाफ  मुकद्मा दर्ज किए जाने की कड़ी निंदा करते हुए मुकद्मे को तत्काल वापस लेने की मांग की है। प्रैस क्लब में पत्रकार वार्ता के दौरान साहब सिंह सैनी ने कहा कि सैनी समाज के विकास और उत्थान पर चर्चा के लिए फेरूपुर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कोरोना नियमों का पूरी तरह पालन करते हुए आयोजित कार्यक्रम की सफलता से घबराए कुछ राजनीतिक दलों के लोगों ने पुलिस पर दबाब बनाकर समाज के कुछ लोगों के खिलाफ मुकद्मा दर्ज करा दिया। जिससे समस्त सैनी समाज में गहरा रोष है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तत्काल मुकद्मा वापस नहीं लिया गया तो आने वाले विधानसभा चुनाव में सैनी समाज इसका जवाब देगा। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के बीच हरिद्वार में लगातार राजनीतिक कार्यक्रम हो रहे हैं। हाल ही में नवनियुक्त मुख्यमंत्री पुष्करसिंह धामी के हरिद्वार आने पर हरकी पैड़ी व भाजपा कार्यालय पर भारी भीड़ जुटी। लेकिन इसमें प्रशासन को नियमों का कोई उल्लंघन नजर नहीं आया। इसके अलावा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के हरकी पैड़ी पर उपवास व आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया के सिंहद्वार स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में भी बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। लेकिन प्रशासन ने कोई मुकद्मा दर्ज नहीं किया। लेकिन सैनी समाज की एकजुटता से घबराए एक राजनीतिक दल के लोगों ने अपनी जमीन खिसकती देख द्वेष भावना के चलते समाज के लोगों के खिलाफ मुकद्मा दर्ज करवा दिया। सत्ता पक्ष के विधायक के इशारे पर दर्ज कराए गए मुकद्मे से समाज के लोग डरने वाले नहीं हैं। आने वाले चुनावों में सैनी समाज इसका जवाब देगा। प्रैसवार्ता के दौरान ऑल इंडिया सैनी सभा के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार सैनी, जिला अध्यक्ष इंजीनियर करण सिंह सैनी, संयोजक ब्रह्मपाल सिंह सैनी आदि मौजूद रहे।

See also  Uttarakhand / Rudraprayag : The demand for re-operation of ITI Chirbatia started a gradual fast