News Cubic Studio

Truth and Reality

हम जामिया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को आधुनिक मानकों के अनुरूप बनाएंगे: कुलपति प्रोफेसर मज़हर आसिफ

अंतर-विश्वविद्यालयी टूर्नामेंट के समापन समारोह में दिल्ली डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री रोहन जेटली और रजिस्ट्रार मेहताब आलम रिज़वी ने की शिरकत

नई दिल्ली: अंतर-विश्वविद्यालयी टूर्नामेंट-25 2024 का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह जामिया मिलिया इस्लामिया में 4 फरवरी 2025 (मंगलवार) को शाम 5:00 बजे नवाब मंसूर अली खान पटौदी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, जामिया मिलिया इस्लामिया में आयोजित किया गया। यह टूर्नामेंट 23 जनवरी 2025 से 4 फरवरी 2025 तक नवाब मंसूर अली खान पटौदी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, जामिया मिलिया इस्लामिया में संपन्न हुआ।

समारोह की शुरुआत पवित्र कुरान के पाठ से हुई। इस टूर्नामेंट के अंतर्गत टेबल टेनिस (पुरुष एवं महिला), बैडमिंटन (पुरुष एवं महिला), क्रिकेट T-20 (पुरुष), फुटबॉल (पुरुष), वॉलीबॉल (पुरुष), बास्केटबॉल (पुरुष एवं महिला) और एथलेटिक्स (पुरुष एवं महिला) खेलों का आयोजन किया गया। इस टूर्नामेंट का सफल आयोजन प्रोफेसर नफ़ीस अहमद, मानद निदेशक (खेल एवं स्पोर्ट्स), जामिया मिलिया इस्लामिया के नेतृत्व में किया गया।

समारोह की अध्यक्षता जामिया मिलिया इस्लामिया के सम्माननीय कुलपति प्रोफेसर मज़हर आसिफ ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में दिल्ली डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री रोहन जेटली उपस्थित रहे। विशेष अतिथि के रूप में श्री ओंकार नाथ यादव (IRRS), निदेशक, भारतीय खेल प्राधिकरण (Sports Authority of India) मौजूद रहे।

इस अवसर पर कुलपति प्रोफेसर मज़हर आसिफ ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में खेल-कूद को विशेष स्थान दिया गया है। उन्होंने एनसीसी को जामिया में एक विषय के रूप में शुरू करने की बात भी कही। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि जामिया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को आधुनिक मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि इस टूर्नामेंट का उद्देश्य छात्रों की छिपी प्रतिभाओं को उजागर करना, उनमें टीम वर्क और खेल भावना (sportsmanship) का विकास करना, आपसी सहयोग को बढ़ावा देना, नए संबंध स्थापित करना और छात्रों, शिक्षकों एवं गैर-शिक्षण स्टाफ के बीच बेहतर संबंध बनाना है। ऐसे प्रतियोगिताएं छात्रों के लिए प्रेरणादायक होती हैं, उनके मानसिक तनाव को कम करने और उनकी शारीरिक एवं मानसिक सेहत को बेहतर बनाने में सहायक होती हैं।

See also  Uttarakhand: Even animals are facing the brunt of the disaster...! Here more than 100 sheep and goats were struck by lightning, the animals died

इस कार्यक्रम में दिल्ली डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव श्री अशोक शर्मा, सचिवालय सुरक्षा संगठन, गृह मंत्रालय, भारत सरकार के डीसी/डिप्टी सीएसओ श्री मुख्तार, और जामिया मिलिया इस्लामिया के रजिस्ट्रार प्रोफेसर मोहम्मद मेहताब आलम रिज़वी ने भी भाग लिया।

समारोह में प्रोफेसर मज़हर आसिफ, श्री रोहन जेटली, श्री ओंकार नाथ यादव, श्री अशोक शर्मा, श्री मुख्तार और प्रोफेसर मोहम्मद मेहताब आलम रिज़वी ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी और उन्हें शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ खेलों में भी भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

प्रोफेसर नफ़ीस अहमद ने टूर्नामेंट के आयोजन पर संक्षिप्त परिचयात्मक नोट प्रस्तुत किया और इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। इस प्रतियोगिता में 13 टीमों ने भाग लिया, जिनमें AJK-MCRC, यूनिवर्सिटी पॉलिटेक्निक, बायोसाइंस, ह्यूमैनिटीज एंड लैंग्वेजेज, लॉ फैकल्टी, इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, फैकल्टी ऑफ डेंटिस्ट्री समेत विभिन्न टीमों ने हिस्सा लिया।

अंत में प्रोफेसर मोहम्मद आबिद, मानद उपनिदेशक (खेल एवं स्पोर्ट्स), जामिया मिलिया इस्लामिया ने सभी सम्माननीय अतिथियों, शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों का धन्यवाद किया।